भाजपा प्रत्याशी का फर्जी अश्लील वीडियो वायरल करवाने के लिए 20 लाख का दिया प्रलोभन !
Loksabha Election 2024 : छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा में सोमवार को एक बड़ा घटनाक्रम हुआ।
मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के पीए आरके मिगलानी और एक पत्रकार के खिलाफ पुलिस ने फर्जी अश्लील वीडियो वायरल करवाने के आरोप में केस दर्ज किया है।
इस मामले में आरके मिगलानी से पूछताछ करने के लिए पुलिस टीम कमलनाथ के शिकारपुर स्थित बंगले पर पहुंची।
ये भी पढ़ें… Loksabha Election 2024 : कमलनाथ के कर्मचारियों के कारण रोहना की रौनक में आई थी कमी!
टीम में कोतवाली, कुंडीपुरा और देहात थाना, तीनों थानों के अधिकारी और कर्मी शामिल थे। बताया जाता है कि इस टीम को सीएसपी श्री राणा लीड कर रहे थे। कमलनाथ के पीए आरके मिगलानी से हल्की पूछताछ के बाद पुलिस लौट गई।
जैसे ही कमलनाथ के शिकारपुर स्थित बंगले में पुलिस टीम के घुसने का समाचार फैला वैसे ही पूरा मीडिया उनके बंगले के सामने इकट्ठा हो गया।
मीडियाकर्मियों के सामने ही पुलिस बल बंगले से बाहर निकला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों से मीडियाकर्मियों ने कार्रवाई को लेकर सवाल पूछे लेकिन किसी भी पुलिस अधिकारी ने कुछ भी नहीं कहा और वहां से रवाना हो गए।
भाजपा प्रत्याशी ने की थी शिकायत
बताया जाता है कि छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू द्वारा की गई शिकायत को लेकर यह कार्रवाई की गई है।

बंटी साहू का आरोप है कि कमलनाथ के पीए आरके मिगलानी और निजी चैनल के वीडियो जर्नलिस्ट सचिन गुप्ता ने मेरा एक फर्जी वीडियो वायरल करने के लिए 20 लाख रुपए का प्रलोभन दिया था।
विवेक बंटी साहू ने इससे जुड़ी बातचीत का एक वीडियो भी जारी किया है।
मिगलानी ने दिया खराब स्वास्थ्य का हवाला
बताया जाता है कि कमलनाथ के पीए आरके मिगलानी ने पुलिस को खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
उन्होने पुलिस को बताया कि वे बुजुर्ग हैं और उनकी दो बायपास सर्जरी हुई हैं। इसके चलते उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है इसलिए उन्हें समय दिया जाए।
इस पर पुलिस उन्हें धारा 160 का नोटिस देकर रवाना हो गई।
ये भी पढ़ें… Loksabha Election 2024 : ‘संजय श्रीवास्तव और आरके मिगलानी हर काम पर कमलनाथ जी की सहमति के बाद भी लगाते हैं अड़ंगे’
कमलनाथ दौरा छोड़ लौटे
पुलिस कार्रवाई के कुछ देर बाद ही पूर्व सीएम कमलनाथ का निजी हेलीकाप्टर उनके बंगले पर बने हैलीपेड पर उतर गया।
बताया जाता है कि वे कार्रवाई की खबर मिलते ही अपने चुनावी दौरे को बीच में ही छोड़कर बंगले पर पहुंच गए।
उन्होने पत्रकारों से कोई भी चर्चा नहीं की और सीधे वाहन में बैठकर बंगले के अंदर चले गए।
क्या बोले एसपी…
छिंदवाड़ा एसपी मनीष खत्री ने बताया कि आरके मिगलानी और सचिन गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज किया है। सचिन गुप्ता से पुलिस पूछताछ कर रही है, उनका मोबाइल जब्त कर लिया है।
आरके मिगलानी से पूछताछ के लिए पुलिस गई थी। उन्होने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए कुछ समय मांगा है।

ऐसे में पुलिस उन्हें नोटिस देकर वापस आ गई है।
अश्लील वीडियो दिखाकर मिगलानी बोले- इसे वायरल करो
भाजपा प्रत्याशी बंटी साहू द्वारा की गई शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय हुई लेकिन एफआईआर पत्रकार सुदेश नागवंशी की शिकायत पर दर्ज की गई है।
सुदेश नागवंशी ने शिकायत में बताया कि सचिन गुप्ता ने बंगले पर आरके मिगलानी से मिलवाया।
वहां दोनों ने मुझे (सुदेश को) एक महिला और पुरुष का अश्लील वीडियो दिखाया। सचिन ने इसे मुझे शेयर किया और फिर इसे वायरल करने को कहा।
इन धाराओं में दर्ज किया मामला
मामले में आरोपी बनाए गए आरके मिगलानी और सचिन गुप्ता के विरुद्ध पुलिस ने भादवि की धारा 188, 500, 67 आईटी एक्ट और 120 (बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।