लाख कोशिशों के बाद भी व्यवस्थाओं में नहीं हो पा रहा सुधार
Chhindwara News : छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने अपनी मानवता या तो बेच खाई है या फिर उसे ‘मच्र्युरी’ में रख दिया है।
गैर मानवीय मामलों में तो छिंदवाड़ा अस्पताल शर्म के मेडल पर मेडल ले रहा है।
इसी कड़ी में मंगलवार को एक मामला और सामने आया है। जिला अस्पताल में एक 17 वर्षीय किशोरी की जहर के कारण मौत हो गई थी जिसके बाद उसके शव को स्ट्रैचर पर ले जाने के लिए जिला अस्पताल में पदस्थ एक महिला कर्मचारी ने मृतिका के पिता से ही 400 रुपए की मांग कर डाली।
पिता अभी अपनी बिटिया की मौत के सदमे से भी बाहर नहीं आया था, उसे कुछ सूझा नहीं तो उसने मजबूरी में उस कर्मचारी को 100 रुपए दिए, तब वह महिला कर्मचारी स्ट्रैचर पर शव ले जाने के लिए तैयार हुई।

यह है मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौरई के करलई निवासी असाढ़ू सरेयाम की बेटी द्रौपदी सरेयाम ने अज्ञात कारणों से घर में रखा जहर पी लिया था।
परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए थे जहां पर उसकी मौत हो गई।
Read More… Chhindwara News : कलेक्टर ने ली भारिया परिवारों की सुध, 3 दिनों में ई-केवायसी कराने के निर्देश
मौत के बाद अस्पताल के यूडीएस वार्ड कर्मचारी ममता ने स्ट्रचर पर ले जाने के लिए 400 रुपए की मांग की। मृतिका के पिता ने 100 रुपए दे कर शव को मर्च्युरी तक पहुंचाया।
मामला सामने आने के बाद संबंधित महिला कर्मचारी का कहना है कि उसने कोई पैसे की डिमांड नहीं की और न ही पैसे लिए।
डॉक्टर को शिकायत मिली, आरएमओ को नहीं!

मामला जब डॉ. टांडेकर को बताया गया तो उनका कहना था कि शिकायत सामने आई है जिसकी जांच की जाएगी।
इस सारे मामले को लेकर आरएमओ संजय राय ने बताया कि उनके पास अभी किसी तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आएगी तो मामले की जांच की जाएगी।

हालांकि डॉक्टर टांडेकर से पीडि़त ने मामले की शिकायत कर दी है जिसके बाद उन्होंने जांच का आश्वासन दिया है।
Read More… Chhindwara News : प्रशासन पर ‘तिरछी’ हुईं ‘छोटे साहब’ की निगाहें!
बहरहाल इस वाकये ने यह भी साबित कर दिया है कि जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं के सुधार के लिए प्रशासन द्वाारा की जा रही तमाम कवायदों पर बट्टा लगाने में यहीं के कर्मचारी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।