छिंदवाड़ा की जनता ने रच दिया इतिहास, पहली बार छिंदवाड़ा का व्यक्ति बना सांसद
Chhindwara Loksabha 2024 Result : छिंदवाड़ा। लोकसभा चुनाव 2024 में छिंदवाड़ा की जनता ने इतिहास रच दिया। इस बार छिंदवाड़ा के व्यक्ति को ही यहां की जनता ने अपना सांसद चुना है।
भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू के रूप में छिंदवाड़ा लोकसभा को नया सांसद मिल गया है।

छिंदवाड़ा की जनता ने पूर्व सीएम और कांग्रेस के कद्दावर नेता कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ को नकार दिया है।
इस आम चुनाव में उनकी करारी हार हुई है। मतगणना के बाद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 16-छिंदवाड़ा के निर्वाचन परिणाम की राउंडवार और अंतिम घोषणा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफीसर शीलेन्द्र सिंह द्वारा की गई।
निर्वाचन के परिणाम की घोषणा के साथ ही कलेक्टर एवं रिटर्निंग ऑफिसर श्री सिंह द्वारा विजयी अभ्यर्थी भारतीय जनता पार्टी के बंटी विवेक साहू को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के अंतर्गत विधिवत निर्वाचित घोषित करते हुए निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदाय किया गया।
यै रहे मैदान में
लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत संसदीय निर्वाचन क्षेत्र छिंदवाड़ा से नोटा सहित 16 अभ्यर्थी मैदान में थे।
जिनमें भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी बंटी विवेक साहू को कुल 6 लाख 44 हजार 738 मत प्राप्त हुए और वे अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से 1 लाख 13 हजार 618 मतों से विजयी रहे।
कलेक्टर, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफीसर श्री सिंह ने बताया कि बसपा अभ्यर्थी उमाकांत बन्देवार को 11 हजार 823, इंडियन नेशनल कांग्रेस के अभ्यर्थी नकुल कमलनाथ को 5 लाख 31 हजार 120,
राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी के अभ्यर्थी कपिल सोनी को 9 हजार 638, अहिंसा समाज पार्टी के अभ्यर्थी राजेश तांत्रिक को 1 हजार 698,
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के अभ्यर्थी देवीराम उर्फ देव रावेन भलावी को 55 हजार 988,
राष्ट्र समर्पण पार्टी के अभ्यर्थी प्रकाश उर्फ बंटी परतेती को 1 हजार 654, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के अभ्यर्थी फोगल बंसोड़ को 1 हजार 323,

निर्दलीय अभ्यर्थी अजय बरकड़े को 2 हजार 495, गोविंद भलावी को 4 हजार 29, मो. परवेज कुरैशी को 3 हजार 828,
पवनशाह सरसाम को 6 हजार 621, राजेन्द्र डोंगरे को 4 हजार 632,
सिराज शेख को 9 हजार 568, सुभाष शुक्ला को 5 हजार 769 और नोटा को 9 हजार 903 मत प्राप्त हुये।
Read More… Terror : शराब ठेकेदार मनोज मंडराह के गुर्गों ने दो युवकों को बंधक बनाकर पीटा!
कलेक्टर ने सभी का माना आभार
कलेक्टर, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी शीलेंद्र सिंह ने मतगणना कार्य में संलग्न प्रशासन,
पुलिस एवं विभिन्न विभागों के सभी अधिकारी, कर्मचारियों, सभी अभ्यर्थी,
उनके निर्वाचन अभिकर्ता, पत्रकार साथियों और छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिलों के सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
लगाई थी दो एलईडी
आम जन को मतगणना परिणामों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिये जिला प्रशासन द्वारा मतगणना स्थल के साथ ही छिंदवाड़ा नगर के 2 स्थानों पर एलसीडी लगाई गई थी जिससे आम दर्शकों ने प्रात: से शाम तक निर्वाचन परिणामों की जानकारी प्राप्त की।
मतगणना के दौरान कलेक्टर, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफीसर शीलेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, सभी विधानसभा क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग ऑफीसर,
प्रेक्षक, मतगणना पर्यवेक्षक व सहायक, माइक्रो आब्जर्वर, अभ्यर्थी, निर्वाचन अभिकर्ता, गणना अभिकर्ता, अधिकारी, कर्मचारी और पत्रकार उपस्थित थे।
Read More… Police Action On Terror : शराब ठेकेदार के गुर्गों पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज
110 कैमरों से रखी निगरानी
मतगणना परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से 110 सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी की गई।
चप्पे-चप्पे पुलिस की नजर रही। कलेक्टर-एसपी पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए थे। मतगणना स्थल परिसर पीजी कॉलेज के 200 मीटर क्षेत्र में मतगणना समाप्ति तक के समय के लिये मतगणना स्थल परिसर में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दिया गया।
विधानसभावार हुई मतों की गणना
सभी विधानसभा के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष बनाए गए थे और पोस्टल बैलेट व ईटीपीबीएस की मतगणना अलग कक्ष में की गई।

विधानसभा जुन्नारदेव, चौरई, सौंसर, परासिया और पांढुर्णा के मतगणना कक्षों में 14-14 टेबल, छिंदवाड़ा के मतगणना कक्ष में 15 एवं अमरवाड़ा के मतगणना कक्ष में 16 टेबल लगाए गए थे।
कक्ष क्रमांक 21 में विधानसभा चौरई, कक्ष क्रमांक 22 में विधानसभा पांढुर्णा व कक्ष क्रमांक 23 में विधानसभा परासिया का मतगणना कक्ष बनाए गए थे। इसी प्रकार कॉलेज के ग्राउंड फ्लोर के
कक्ष क्रमांक 24 में विधानसभा जुन्नारदेव, कक्ष क्रमांक 25 में विधानसभा अमरवाड़ा, कक्ष क्रमांक 26 में सौंसर व कक्ष क्रमांक 27 में विधानसभा छिंदवाड़ा का मतगणना कक्ष बनाया गया।
विधानसभा जुन्नारदेव और चौरई के 272-272 मतदान केंद्रों के लिए 14-14 टेबल के माध्यम से 19 फुल राउंड और 6 अंतिम राउंड की टेबल से मतगणना की गई।
Read More… Police Action On Terror : शराब ठेकेदार मनोज मंडराह के सभी 6 गुर्गे गिरफ्तार
विधानसभा अमरवाड़ा के 332 मतदान केंद्रों के लिए 16 टेबल के माध्यम से 20 फुल राउंड और 12 अंतिम राउंड की टेबल से मतगणना की गई।
विधानसभा सौंसर के 253 मतदान केंद्रों के लिए 14 टेबल के माध्यम से 18 फुल राउंड और 01 अंतिम राउंड की टेबल से मतगणना की गई।
विधानसभा छिंदवाड़ा के 311 मतदान केंद्रों के लिए 15 टेबल के माध्यम से 20 फुल राउंड और 11 अंतिम राउंड की टेबल से मतगणना की गई।
विधानसभा परासिया के 245 मतदान केंद्रों के लिए 14 टेबल के माध्यम से 17 फुल राउंड और 7 अंतिम राउंड की टेबल के माध्यम से मतगणना की गई।
इसी प्रकार विधानसभा पांढुर्णा के 254 मतदान केंद्रों के लिए 18 फुल राउंड और 2 अंतिम राउंड की टेबल से मतगणना की गई।

पोस्टल बैलेट की गणना ग्राउंड फ्लोर के कक्ष क्रमांक 10 में की गई।
पोस्टल बैलेट की गणना का कार्य प्रात: 8 बजे से प्रारंभ हुआ, जबकि ईवीएम से मतगणना का कार्य प्रात: 8.30 बजे से प्रारंभ किया गया।
सुबह 6 बजे रिटर्निंग ऑफिसर, प्रेक्षकों, अभ्यर्थी, उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में स्ट्रॉन्ग रूम खोले गए।
11 कार्यपालिक दण्डाधिकारी रहे तैनात कानून व्यवस्था लोक शांति और सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत अनुविभागीय दण्डाधिकारी छिंदवाड़ा सुधीर जैन को प्रभारी अधिकारी नियुक्त करने के साथ ही अन्य 11 कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
सास दंडवत होकर पहुंचीं मंदिर
छिंदवाड़ा में बंटी साहू की निर्णायक बढ़त होने के बाद उनकी सास पूजा-पाठ करने हनुमान मंदिर जमीन पर दंडवत होकर आशीर्वाद लेने पहुंचीं।
जिसके बाद विवेक बंटी साहू विजय का प्रमाण पत्र लेने पीजी कॉलेज के लिए हजारों कार्यकर्ताओं के साथ रवाना हुए।
10.30 बजे ही ‘लंच’ के लिए निकल गए थे नकुल!
सुबह के लगभग 10.30 बजे होंगे। छिंदवाड़ा के मतगणना स्थल में जब ये अनाउंसमेंट हुआ कि भाजपा के बंटी साहू 50 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। नकुलनाथ वहां से शिकारपुर स्थित अपने बंगले के लिए रवाना हो गए।
उस दौरान मीडिया कक्ष में जब पता चला कि नकुल चले गए हैं तो वहां मौजूद कुछ कांग्रेसियों ने सफाई देने की कोशिश की कि ‘भैया लंच के लिए गए हैं, आ जाएंगे’
इससे माहौल हास्यास्पद बन गया क्योंकि जब उनसे पूछा गया कि सुबह 10.30 बजे लंच का कौन सा टाइम होता है तो कांग्रेसी बगलें झांकने लगे।
कांग्रेस के गढ़ में छिंदवाड़ा में ये तस्वीर पहली बार देखने को मिली, लेकिन ये सबकुछ इतना सामान्य नहीं है।
2023 के विधानसभा चुनाव में जब बीजेपी अप्रत्याशित रूप से 163 सीटें जीती थी, तब भी इस छिंदवाड़ा की सातों सीटों पर कांग्रेस का परचम लहराया था, लेकिन बीजेपी इस हारी हुई बाजी को जीतने के लिए फूलप्रुफ प्लान बनाकर लोकसभा के मैदान में उतरी थी।
नकुलनाथ ने बंटी को दी बधाई
जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर नवनिर्वाचित सांसद विवेक बंटी साहू को बधाई दी है। उन्होने लिखा है कि मैं निर्वाचित सांसद विवेक साहू को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि भाजपा सरकार द्वारा रोके गए सिंचाई काम्प्लेक्स, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट, हार्टिकल्चर कॉलेज, डब्लूसीएल की बंद पड़ी खदानें जैसे छिंदवाड़ा के सभी विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वे सतत कार्य करेंगे।
कांग्रेस की हार के प्रमुख कारण…
- कमलनाथ पर अटैक नहीं, बेटे नकुल को टारगेट किया। बीजेपी जानती थी कि छिंदवाड़ा के लोगों का कमलनाथ से पुराना नाता है, वे उन पर सीधा हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे।
- नकुल सांसद तो चुने गए, लेकिन उनके व्यवहार से कांग्रेस नेता खुश नहीं थे। दीपक सक्सेना के बेटे अजय ने कहा कि 40 साल में कभी पिता का ऐसा अपमान नहीं हुआ। बीजेपी ने इस बात को भांपकर कांग्रेसियों को बीजेपी में शामिल किया।
- कांग्रेस के नेता नकुल को आगे बढ़ाने से भी नाराज थे, लेकिन वे कमलनाथ के सामने बोलते नहीं थे। भाजपा ने इसे भांप लिया था। बीजेपी ने ऐसे असंतुष्ट कांग्रेसियों को साधकर अपने खेमे में कर लिया।
- छिंदवाड़ा नगर निगम के पार्षदों को बीजेपी भरोसा दिलाने में कामयाब रही कि सत्ता के साथ रहोगे तो छिंदवाड़ा का विकास हो सकेगा।
- पार्षद बीजेपी में आ गए। मेयर विक्रम अहाके ने भी बीजेपी जॉइन कर ली। हालांकि, वोटिंग डे पर वे फिर कांग्रेस के साथ आ गए थे, लेकिन तब तक शहरी वोटर का सेंटिमेंट भाजपा के पक्ष में हो चुका था।
- पिता-पुत्र के बीजेपी में जाने की अटकलों का फायदा भी बीजेपी को ही हुआ। वजह ये रही कि 3 दिन तक ये अटकलें लगीं, लेकिन नाथ ने इसका खंडन नहीं किया।
- कई कांग्रेसी तो नाथ के कांग्रेस छोडऩे के भ्रम में ही बीजेपी में आ गए।